शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक, वीडियो वायरल; ग्रामीणों ने BEO से की कार्रवाई की मांग
प्रतापपुर/सूरजपुर / सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड के पहाड़करवां प्राथमिक शाला से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ एक शिक्षक के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत के सरपंच और ग्रामीण स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान संबंधित शिक्षक स्कूल पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनकी चाल लड़खड़ाती दिखाई दी और वे उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मोबाइल में लोकेशन तलाशते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंचे थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और शिक्षा व्यवस्था की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का पंचनामा तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल संबंधित अधिकारी की ओर से मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना शेष है।













0 टिप्पणियाँ