ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई: 300 किलो गांजा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़ / जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा के साथ दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से गांजा की एक बड़ी खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की ओर ले जाई जा रही थी। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन नाकेबंदी शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया।
नाकेबंदी के दौरान कटकलिया मार्ग पर एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर जांच की गई। जांच में इनोवा वाहन पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार निखील कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र मौर्य की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का कुल वजन लगभग 300 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहन तथा पांच मोबाइल फोन, जिनमें दो आईफोन शामिल हैं, भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लैलूंगा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों और तस्करी नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीम को सरगुजा और मध्यप्रदेश के अनूपपुर क्षेत्र में रवाना किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।














0 टिप्पणियाँ