कोतबा में 55 किलो गौमांस के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने औजार व बाइक भी जब्त की
जशपुर / जिले के कोतबा क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश वध के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 55 किलो गौमांस, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, मांस काटने के औजार तथा बिक्री से प्राप्त ₹2,000 नकद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैगाबहार बरगोड़ा क्षेत्र में कुछ लोग एक गौवंश का वध कर उसका मांस काट रहे हैं और उसे अपने घर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही कोतबा चौकी पुलिस ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर बोरी में बड़ी मात्रा में गौमांस बरामद हुआ। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गौवंश का वध कर मांस तैयार करने की बात स्वीकार की। इसके आधार पर पुलिस ने बैगाबहार और रोकबहार क्षेत्र के कुल 10 आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 55 किलो गौमांस, एक मोटरसाइकिल, टांगी, छुरी सहित अन्य धारदार औजार तथा ₹2,000 नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि गौवंश से जुड़े अवैध अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी रहेगा।













0 टिप्पणियाँ