बेमेतरा: अतिक्रमण विवाद पर ग्रामीणों का हंगामा, तहसीलदार-नायब तहसीलदार का घेराव, 3 अगस्त तक कार्रवाई का आश्वासन
बेमेतरा / जिले के थानखम्हारिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पदमी में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर रविवार को प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विवाद गहरा गया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार और नायब तहसीलदार का घेराव कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में खेल मैदान के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले की गई शिकायतों पर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, जबकि दूसरी ओर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के खिलाफ जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
ग्राम पंचायत की सरपंच हेमलता सिन्हा ने आरोप लगाया कि पंचायत ने पहले पांच लोगों के खिलाफ शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत, उन्हीं लोगों की शिकायत के आधार पर लगभग 80 ग्रामीणों को कथित अतिक्रमण की जांच के लिए नोटिस जारी कर दिया गया। इसी बात से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
विवाद बढ़ने पर तहसीलदार सरिता मढ़ारिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए उनका घेराव किया। सूचना मिलने पर एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची तथा स्थिति को संभाला।
तहसीलदार सरिता मढ़ारिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पहले दर्ज अतिक्रमण संबंधी शिकायत पर 3 अगस्त को आदेश जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हुई।
प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में समान और पारदर्शी कार्रवाई होने तक वे अपनी मांग पर कायम रहेंगे।













0 टिप्पणियाँ