घर विवाद में बड़े भाई पर टांगा से हमला, दो माह बाद गांव लौटते ही आरोपी गिरफ्तार
घरघोड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास के फरार आरोपी को पकड़ा, वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा बरामद
संपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)
रायगढ़/ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब दो माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चिमटापानी निवासी 47 वर्षीय रूपधर राठिया का अपने बड़े भाई महेत राम राठिया के साथ मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। 22 जून 2026 की शाम दोनों भाइयों के बीच घर से संबंधित बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान रूपधर ने लोहे के टांगा से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया।
हमले में महेत राम के सिर, सिर के पीछे और बाईं आंख के पास चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और घायल को उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।
मामले में 4 जुलाई को महेत राम की शिकायत पर घरघोड़ा थाने में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने प्रारंभ में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की। घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
गांव लौटने की सूचना पर घेराबंदी
वारदात के बाद से आरोपी रूपधर राठिया फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गांव में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था।
4 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव चिमटापानी पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह मजदूरी के सिलसिले में बाहर चला गया था।
आरोपी के बताए स्थान से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा बरामद कर जब्त किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो तथा आरक्षक प्रदीप तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ