भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार ट्रक से टकराई, चालक सहित दो घायल
रायगढ़/ललितपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हादसे में उनके चालक गौतम कुमार भी घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर तालबेहट क्षेत्र में महेंद्र सिंह महाविद्यालय के समीप हुई। बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मध्य प्रदेश के दतिया से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद किरण सिंह देव और चालक गौतम कुमार की स्थिति को देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि अन्य सवारों को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तालबेहट कोतवाली पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।













0 टिप्पणियाँ