दहेज प्रताड़ना मामला: नवविवाहिता की आत्महत्या के तीन महीने बाद पति और ससुर गिरफ्तार
दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़ी नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तीन महीने बाद उसके पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे और पुलिस से बचते हुए सिमगा क्षेत्र में छिपे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सहगांव में 7 अप्रैल 2026 को एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज नहीं मिलने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
पुलिस ने जांच के आधार पर मामला दर्ज किया, जिसके बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए थे। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पति युवराज पटेल (29) और ससुर ओम प्रकाश पटेल (58) सिमगा क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई है। मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।













0 टिप्पणियाँ