बिलासपुर पीएससी छात्रा आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार, दूसरी युवती से बातचीत को लेकर था विवाद
बिलासपुर / पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी दीपक कुमार खाण्डे को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि प्रेमी द्वारा दूसरी युवती से बातचीत किए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद से आहत होकर छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला सोनसरी निवासी आयूषी कुर्रे बिलासपुर के जरहाभाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आयूषी का गांव के ही निवासी दीपक कुमार खाण्डे के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे दीपक छात्रा के कमरे से निकला था। इसके बाद आयूषी लगातार उसे मोबाइल फोन कर रही थी, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि दीपक किसी अन्य युवती से बातचीत कर रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस का मानना है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
मामले की जांच पूरी होने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खाण्डे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।













0 टिप्पणियाँ