पैसों के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
डंडे और बटनदार चाकू से की मारपीट, पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर डराने का आरोप
कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घटना के कुछ घंटे बाद आरोपियों को पकड़ासंपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)
जांजगीर-चांपा। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है। आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
फोन कर बुलाया, फिर की मारपीट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे प्रार्थी अपने घर पर था। इसी दौरान आरोपी आसिफ खान ने उसे फोन कर बुलाया और बीटीआई चौक से बड़े नहर पुल की ओर ले गया। वहां पैसों की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर आसिफ ने डंडे से मारपीट की और धारदार चाकू से जानलेवा हमला किया। प्रार्थी ने बचाव के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला तो आरोपी ने उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया।
अन्य आरोपियों ने भी किया हमला
इसी दौरान सतीश यादव उर्फ बाटा अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि सतीश यादव और उमाशंकर यादव ने भी डंडे से प्रार्थी के साथ मारपीट की। इस दौरान सतीश यादव ने कमर के पास रखा कट्टानुमा हथियार निकालकर प्रार्थी की ओर फायर किया। हमले में घायल होकर प्रार्थी बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यॉर्क तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अलग-अलग स्थानों से तीनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में मारपीट करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सतीश यादव उर्फ बाटा (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21, आईबी रेस्ट हाउस के पास, जांजगीर; आसिफ खान (25 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, नैला; तथा उमाशंकर यादव उर्फ बाबा (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 20, खड़पड़ीपारा, जांजगीर शामिल हैं।
पुलिस ने की नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैसों के लेनदेन से संबंधित विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। मारपीट, हथियारों से डराने-धमकाने और कानून-व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













0 टिप्पणियाँ