बच्चे को ट्यूशन छोड़ने निकली महिला लापता, तीन दिन बाद भी नहीं मिला सुराग
सरकंडा पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर शुरू की जांच, परिजनों में चिंता
संपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका स्थित शिवम वाटिका कॉलोनी से 32 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला 2 अक्टूबर की शाम अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। तीन दिन बीतने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। मामले में सरकंडा पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हिमांशु कुर्रे, पति हरीश कुर्रे, उम्र 32 वर्ष, शिवम वाटिका कॉलोनी मोपका की निवासी हैं। बताया गया कि 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचीं।
महिला के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। लगातार तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
परिजनों ने महिला के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द तलाश करने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
महिला के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और दहशत का माहौल है। परिजनों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही महिला का पता लगा लेगी।













0 टिप्पणियाँ