सिंचाई पंपों से केबल व पैनल बोर्ड चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़
दो आरोपी गिरफ्तार, 11 से अधिक किसानों के खेतों में की थी चोरी
संपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)बलौदाबाजार। भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने किसानों के खेतों में लगे सिंचाई मोटर पंपों से पैनल बोर्ड और केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिछले एक-दो माह के दौरान तरेंगा क्षेत्र में 11 से अधिक किसानों के मोटर पंपों को निशाना बनाया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान एवं मामले से संबंधित भौतिक साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक ग्राम तरेंगा निवासी पंकज शर्मा (50) ने भाटापारा ग्रामीण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तरेंगा-कुलीपोटा रोड स्थित उनकी कृषि भूमि में लगे मोटर पंप से करीब 6 हजार रुपए कीमत का पैनल बोर्ड अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को क्षेत्र के अन्य किसानों के मोटर पंपों से भी केबल वायर चोरी होने की जानकारी मिली।
जांच में सामने आया कि नेहरू लाल साहू, छन्नू लाल साहू, दिनेश्वर साहू, प्रकाश अग्रवाल, आनंद साहू, राजू ध्रुव, गोपी यादव, अमरू साहू, महादेव साहू, टीकाराम साहू और शेषनारायण साहू के खेतों से अलग-अलग तिथियों में करीब 31 हजार रुपए कीमत के केबल वायर चोरी किए गए थे।
मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई। तकनीकी जांच और संदेह के आधार पर पुलिस ने शुभम साहू और बिरेन्द्र माण्डले को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने आपस में मिलकर तरेंगा क्षेत्र के विभिन्न खेतों से मोटर पंप के केबल वायर और पैनल बोर्ड चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी से संबंधित सामान और अन्य भौतिक साक्ष्य बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी:
शुभम साहू (20), पिता कमलेश साहू, निवासी ग्राम तरेंगा, थाना भाटापारा ग्रामीण।
बिरेन्द्र माण्डले (20), पिता राजेन्द्र माण्डले, निवासी ग्राम खमरिया, थाना भाटापारा ग्रामीण।













0 टिप्पणियाँ