letest news

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश़/छत्तीसगढ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369 छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369

शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया, साहसिक निर्णय पर पुलिस ने किया सम्मानित

शराबी दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया, साहसिक निर्णय पर पुलिस ने किया सम्मानित


जांजगीर-चांपा / जिले में एक युवती ने आत्मसम्मान और नशामुक्त समाज का संदेश देते हुए शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे से विवाह करने से इनकार कर दिया। युवती के इस साहसिक निर्णय की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। बाद में जांजगीर-चांपा पुलिस ने उसे सम्मानित कर परिवार परामर्श केंद्र में महिला काउंसलर की जिम्मेदारी भी सौंपी।

जानकारी के अनुसार, खोखरा गांव से बारात कोसमंदा गांव पहुंची थी। विवाह की रस्मों के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को शराब के नशे में देखा। सिंदूर रस्म के समय स्थिति स्पष्ट होने पर युवती ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

मामले की जानकारी मिलने पर चांपा एसडीओपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। युवती ने स्पष्ट कहा कि वह शराब पीकर बारात में आने वाले युवक से शादी नहीं करेगी।

युवती के इस फैसले को महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का प्रतीक माना जा रहा है। उसके साहस और सामाजिक संदेश को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने उसे सम्मानित किया। साथ ही पारिवारिक विवादों के समाधान और सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से परिवार परामर्श केंद्र, जांजगीर में महिला काउंसलर नियुक्त किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी सतरूपा तारम, थाना प्रभारी अशोक वैष्णव सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवती का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायक है और यह युवाओं व महिलाओं को आत्मसम्मान, अधिकारों तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देता है। क्षेत्र में इस पहल को महिला सम्मान और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ