दहेज प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने दी जान, पति और जेठानी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा / दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने एवं आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति और जेठानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर से प्राप्त मर्ग डायरी के आधार पर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान मृतिका भारती कश्यप के परिजनों, मां, भाई एवं अन्य रिश्तेदारों के बयान लिए गए। पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2025 में भारती कश्यप का विवाह जांजगीर के ग्राम जर्वे निवासी कृष्णा कश्यप से हुआ था।
परिजनों ने बताया कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति कृष्णा कश्यप दहेज को लेकर ताने देने लगा था। वह पत्नी को कम दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करता था तथा विरोध करने पर मारपीट करता था। मृतिका ने अपनी परेशानी जेठानी कविता कश्यप को बताई, लेकिन उसने भी दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया।
मृतिका ने पति और जेठानी के व्यवहार की जानकारी अपने मायके पक्ष को दी थी, जिसके बाद परिजनों ने समझाइश भी दी थी। इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही। बताया गया कि 6 जुलाई 2025 की सुबह करीब 6 बजे भारती कश्यप ने अपनी मां को फोन कर मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी दी तथा इसके बाद कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में दहेज प्रताड़ना एवं मारपीट के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी पति कृष्णा कश्यप (23 वर्ष) और जेठानी कविता कश्यप (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम जर्वे, जिला जांजगीर-चांपा के विरुद्ध अपराध दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम जर्वे पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सीएसपी योगिता बाली खापर्डे, थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, दिलीप सिंह तथा महिला आरक्षक रेखा यादव की विशेष भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ