मां के प्रेमी ने की थी 4 वर्षीय मासूम की हत्या, 7 माह बाद आरोपी गिरफ्तार
रायपुर / आमानाका थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से करीब सात माह से फरार चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे की मां का प्रेमी था और बच्चे को अपने संबंधों में बाधा मानता था।
पुलिस के अनुसार 1 नवंबर 2025 को आमानाका थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि उसका गला दबाकर हत्या की गई थी। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होने की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जयदीप सिंह, जो पेशे से ट्रक चालक है, का बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्चे को अपने रिश्ते में रुकावट मानता था। इसी कारण उसने कथित रूप से तकिए से बच्चे का मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इस दौरान आरोपी विभिन्न राज्यों में छिपकर रह रहा था। आखिरकार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।













0 टिप्पणियाँ