परिवार बनकर कर रहे थे गांजा तस्करी, 18 किलो गांजा सहित 14 लाख की संपत्ति जब्त
तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस हिरासत से फरार आरोपी भी कुछ घंटों में दबोचा गया
धमतरी। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिहावा पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और तीन मोबाइल फोन सहित लगभग 14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ एक आरोपी भी कुछ घंटों के भीतर पुनः गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान थाना सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के बोलांगीर-भवानीपटना क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर सफेद रंग की कार (एमएच-27-डीटी-0319) में गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले। वाहन की डिक्की की जांच करने पर भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 18 पैकेटों में कुल 18.626 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों से गांजा परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर महाराष्ट्र में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण रविन्द्र दुबे (34), सोनू प्रवीण खैरकार (29) तथा पलाश गजभिए (32), सभी निवासी नागपुर (महाराष्ट्र), के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अस्पताल से फरार आरोपी शाम तक फिर गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया गया था। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए हथकड़ी ढीली कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जिलेभर में हाई अलर्ट जारी कर विशेष टीमों को तलाश में लगाया गया। दिनभर चली घेराबंदी, नाकाबंदी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी को शाम तक दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
छह सप्ताह में सात बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। हाल ही में अर्जुनी थाना पुलिस ने 490.818 किलोग्राम गांजा और लगभग 2.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर जिले में पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय पुलिसिंग के माध्यम से अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच जारी है।













0 टिप्पणियाँ