letest news

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश़/छत्तीसगढ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369 छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

सेंध लेक में भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो, राज्यपाल रमेन डेका ने देखा जवानों का अद्भुत शौर्य और कौशल

तिरंगे की फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से देशभक्ति के रंग में रंगा नवा रायपुर का आसमान
संपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)

रायपुर / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की ओर से भव्य एयर-शो का आयोजन किया गया। इस दौरान भारतीय वायु सेना के जांबाजों ने अपने अद्भुत साहस, अनुशासन और हवाई कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम की रोमांचक प्रस्तुति और गरुड़ कमांडोज के साहसिक प्रदर्शन ने आयोजन को यादगार बना दिया। राज्यपाल रमेन डेका ने भी इस भव्य एयर-शो का अवलोकन किया।

एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जांबाजों की रोमांचक प्रस्तुति से हुई। जवानों ने आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके साहस, संतुलन और नियंत्रण को देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन किया। एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग के जरिए नीचे उतरते कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की क्षमता का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय वायु सेना की विशेष परिचालन दक्षता से रूबरू कराया।

पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने बांधा समां

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन बनाते हुए एक से बढ़कर एक रोमांचकारी करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों का आपस में बेहद सटीक तालमेल, क्रॉसओवर और अलग-अलग दिशाओं से उड़ान भरकर पुनः एक साथ फॉर्मेशन बनाना दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा। पायलटों के बेहतरीन नियंत्रण और आपसी समन्वय ने भारतीय वायु सेना की उच्चस्तरीय प्रशिक्षण क्षमता की झलक पेश की।

‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के उद्घोष से गूंजा आसमान

एयर-शो के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस आत्मीय संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय वायु सेना की ओर से छत्तीसगढ़ की पहचान को दिया गया यह सम्मान लोगों के लिए यादगार पल बन गया।

तिरंगे की फॉर्मेशन ने जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा

एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे के रंगों की मनमोहक छटा और पांच हेलीकॉप्टरों का शानदार समन्वय देखकर पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। इस भव्य प्रस्तुति के साथ एयर-शो का यादगार समापन हुआ।

राज्यपाल ने की वायु सेना के जांबाजों की सराहना

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। जवानों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयासों की महत्ता को दर्शाता है। ऐसे प्रदर्शन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अब तक 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ