राज्योत्सव के खाना-खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद बना आकर्षण
पताल की चटनी के साथ मूंग बड़ा का जायका लोगों को खूब भाया, पारंपरिक स्वाद लेने उमड़ रहे लोगसंपादक-बृजभूषण मानिकपुरी(वासु)
रायपुर/ नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में खाना-खजाना जोन लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां लगे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल पर पारंपरिक स्वाद का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। स्टॉल क्रमांक 12 ‘छत्तीसगढ़ी व्यंजन-जय जोहार जय छत्तीसगढ़’ में परोसे जा रहे लजीज पकवान लोगों की पसंद बन गए हैं।
स्टॉल पर मिलने वाले गर्मागर्म मूंग बड़े का स्वाद लोगों को खासा पसंद आ रहा है। वहीं, इसके साथ परोसी जा रही पताल (टमाटर) की चटपटी चटनी जायके को और भी खास बना रही है। मूंग बड़ा और पताल की चटनी का पारंपरिक स्वाद चखने के लिए स्टॉल पर लोगों की कतार लगी हुई है। आगंतुक इस देसी स्वाद की जमकर सराहना कर रहे हैं।
घर जैसा स्वाद और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक
स्टॉल पर पहुंचे उपरवारा निवासी प्रीतम पटेल, उमेश देवांगन और उर्मिला कुमारी ने छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद लेकर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पताल की चटनी के साथ मूंग बड़ा का स्वाद बिल्कुल घर जैसा है। इस तरह के आयोजन और स्टॉल से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खानपान संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। साथ ही नई पीढ़ी को भी अपने पारंपरिक व्यंजनों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
स्टॉल संचालक बलौदाबाजार निवासी नीरज चंद्राकर ने बताया कि उनके यहां छत्तीसगढ़ी व्यंजनों को पूरी शुद्धता और पारंपरिक तरीके से तैयार किया जाता है। उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में भी उनके द्वारा ठेठरी, खुरमी सहित अन्य छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की आपूर्ति की गई थी, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था।
राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के प्रति लोगों का उत्साह यह दर्शाता है कि आधुनिक खानपान के दौर में भी पारंपरिक देसी स्वाद की अपनी अलग पहचान और लोकप्रियता बरकरार है। खाना-खजाना जोन के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा को एक बेहतर मंच मिल रहा है।













0 टिप्पणियाँ