री-NEET UG 2026: रायपुर के शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ के संयुक्त स्टेट टॉपर
रायपुर / राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने री-NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर के शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने 99.99 पर्सेंटाइल हासिल कर प्रदेश के संयुक्त स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। टाई-ब्रेकिंग नियमों के कारण दोनों की ऑल इंडिया रैंक अलग रही। शिप्रक को AIR 117 और चार्वी को AIR 136 मिली है।
शिप्रक गोयल ने सफलता का श्रेय नियमित तैयारी, परिवार और शिक्षकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने परीक्षा को सामान्य परीक्षा की तरह लिया और अनावश्यक दबाव से बचने की कोशिश की। उनके अनुसार लगातार दो वर्षों तक प्रतिदिन 8 से 10 घंटे की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई पर्याप्त होती है, जबकि केवल लंबे समय तक पढ़ाई करना सफलता की गारंटी नहीं है।
री-NEET परीक्षा को लेकर शिप्रक ने कहा कि दोबारा परीक्षा देना आसान नहीं था, लेकिन परिस्थितियों को स्वीकार कर दोबारा तैयारी में जुटना ही सबसे बेहतर विकल्प था। परिवार, शिक्षकों और दोस्तों के सहयोग ने उनका आत्मविश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय घबराहट स्वाभाविक थी, लेकिन चिंता करने के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना ही सबसे महत्वपूर्ण है।
इस वर्ष छत्तीसगढ़ में री-NEET परीक्षा में लगभग 45 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें रायपुर में 25 केंद्र शामिल रहे। परीक्षा के दौरान NTA की गाइडलाइन के अनुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
री-NEET UG 2026 में शामिल अभ्यर्थी NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉग-इन कर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इधर, NTA ने 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा के परीक्षा शुल्क रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई कर दी है। एजेंसी के अनुसार अब तक 11.46 लाख अभ्यर्थी अपने बैंक विवरण जमा कर चुके हैं। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक बैंक डिटेल उपलब्ध नहीं कराई है, वे निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।













0 टिप्पणियाँ