भिलाई नगर निगम को नई आयुक्त मिलीं, IAS सुरूचि सिंह ने संभाला पदभार
भिलाई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सुरूचि सिंह ने सोमवार को नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। राज्य शासन के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनकी नियुक्ति निगम आयुक्त के पद पर की गई है। इससे पहले वे जिला पंचायत राजनांदगांव में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत थीं।
नगर निगम मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही नागरिक सुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस दौरान निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उन्हें विभागीय कार्यों, चल रही विकास परियोजनाओं तथा आगामी योजनाओं की जानकारी दी। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में निगम के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के लिए पहचान रखने वाली सुरूचि सिंह के नेतृत्व में भिलाई नगर निगम में विकास कार्यों और जनसेवाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।













0 टिप्पणियाँ