मुख्य सचिव ने CCTNS की समीक्षा की, डैशबोर्ड स्कोर सुधारने के दिए निर्देश
रायपुर / छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील ने रविवार को मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग के तहत राष्ट्रीय अपराध एवं अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क एवं सिस्टम (CCTNS) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में राज्य के CCTNS डैशबोर्ड में सुधार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम भी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के नवीनतम स्टेट स्कोरकार्ड में छत्तीसगढ़ को 100 में से 64.97 अंक मिले हैं। राज्य को प्रशासनिक सुधार तथा मेडिको-लीगल रिपोर्ट पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्ण अंक प्राप्त हुए हैं।
मुख्य सचिव ने डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जीरो एफआईआर और ई-चार्जशीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने न्यायालयों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए न्याय श्रुति प्रणाली को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी कहा गया कि आपराधिक मामलों में 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया जाए। साथ ही जांच और अभियोजन प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए डिजिटल साक्ष्यों (ई-एविडेंस) के उपयोग को बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
समीक्षा के दौरान पुलिस एवं गृह विभाग के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। बैठक में गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
.jpeg)












0 टिप्पणियाँ