कीचड़ भरे रास्ते से कंधे पर शव ले जाने को मजबूर हुए ग्रामीण, विकास के दावों पर उठे सवाल
सक्ती / जिले से सटे ग्राम पंचायत सोंठी में बुनियादी सुविधाओं के अभाव की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई है। बारिश के कारण सड़क की बदहाल स्थिति के चलते ग्रामीणों को एक बुजुर्ग महिला के शव को लगभग एक किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर कीचड़ भरे रास्ते से श्मशान घाट तक ले जाना पड़ा। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सोंठी निवासी कमलाबाई महंत (लगभग 60 वर्ष) का बीमारी के कारण निधन हो गया। शुक्रवार सुबह परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर निकले, लेकिन गांव से श्मशान जाने वाला मार्ग लगातार हुई बारिश के कारण पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर चुका था।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत इतनी खराब थी कि किसी वाहन या एम्बुलेंस का वहां पहुंचना संभव नहीं था। मजबूरी में लोगों ने शव को कंधे पर उठाया और घुटनों तक कीचड़ से होकर लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय की। इसके बाद बोराई नदी पार कर वे दफन स्थल तक पहुंचे।
वर्षों से सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक से बोराई नदी तक करीब एक किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। बताया गया कि इस मार्ग के निर्माण के लिए मनरेगा के तहत मिट्टी-मुरुम सड़क का प्रस्ताव ग्राम पंचायत से जनपद पंचायत को भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक किसी योजना के तहत स्वीकृति नहीं मिल सकी है। बरसात के मौसम में हर वर्ष ग्रामीणों को इसी तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों में नाराजगी
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि हल्की बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे अंतिम संस्कार सहित रोजमर्रा के आवागमन में भी गंभीर परेशानी होती है। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क निर्माण की मांग दोहराई है।
क्या बोले पंचायत सचिव
ग्राम पंचायत सोंठी के सचिव रामनारायण सिदार ने बताया कि मनरेगा के तहत मिट्टी-मुरुम सड़क निर्माण का प्रस्ताव जनपद पंचायत को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का पक्ष
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस घटना की विस्तृत जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेने के बाद ही उचित टिप्पणी की जा सकेगी।













0 टिप्पणियाँ