बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कवर्धा, कबीरधाम /कबीरधाम जिले के ग्राम सिल्हाटी स्थित बाबा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 4-5 जुलाई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर भगवान महादेव के शिवलिंग में स्थापित चांदी का त्रिकुंड और माता गौरी की प्रतिमा का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। चोरी गई सामग्री का वजन करीब 20 तोला तथा अनुमानित मूल्य लगभग 35 हजार रुपये बताया गया है।
मंदिर के पुजारी एवं प्रार्थी रोहित कुमार चंद्रवंशी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इन्हीं आधारों पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचे थे। एक आरोपी मंदिर के भीतर जाकर चोरी कर रहा था, जबकि दो अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए और चोरी का सामान अपने कब्जे में रखा गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मनजीत पुरले के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की। वहीं, आरोपी सुनील गोस्वामी के पास से भी मोबाइल फोन और नकद राशि जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत पुरले (30 वर्ष), निवासी देवरी, जिला मुंगेली तथा सुनील गोस्वामी (29 वर्ष), निवासी जमखोर, जिला मुंगेली के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले का तीसरा आरोपी अश्वनी आहिरे अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही चोरी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धार्मिक स्थलों या अन्य स्थानों पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।













0 टिप्पणियाँ