फर्जी लोन ठगी गिरोह का भंडाफोड़, महिला गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कोरबा / कोरबा पुलिस ने फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है, जबकि बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन रामपुर थाना अंतर्गत सीएसईबी चौकी में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया कि टीपी नगर स्थित एक फाइनेंशियल सर्विस के माध्यम से लोगों को कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। आरोपियों द्वारा प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर लोगों से बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। राशि मिलने के बाद न तो लोन उपलब्ध कराया गया और न ही जमा रकम लौटाई गई, जिससे कई लोग ठगी का शिकार हुए।
जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों का परीक्षण कर पर्याप्त सबूत जुटाए गए। इनके आधार पर प्रताप नगर निवासी 22 वर्षीय प्रियंका कलसे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही बैंक खातों में हुए लेन-देन, डिजिटल उपकरणों और ठगी की रकम के प्रवाह का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। जांच में गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संस्था या व्यक्ति के माध्यम से लोन लेने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें और अग्रिम प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क जमा करने से पहले पूरी सावधानी बरतें।













0 टिप्पणियाँ