राजनांदगांव रेंज के नए आईजी अजय यादव ने संभाला कार्यभार, कानून-व्यवस्था और साइबर अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय यादव ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की प्राथमिकताओं पर चर्चा की।
बैठक में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा सहित रेंज के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस महानिरीक्षक तथा एसडीओपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आईजी अजय यादव ने कानून-व्यवस्था की स्थिति, गंभीर अपराधों की जांच, नक्सल गतिविधियों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष अभियानों की प्रगति की जानकारी लेते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी ने थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित करने तथा अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने पर बल दिया। उन्होंने गंभीर मामलों की जांच में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक साक्ष्यों के अधिक उपयोग की आवश्यकता भी बताई।
साइबर अपराधों को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने साइबर पुलिसिंग को मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आईजी अजय यादव ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी पुलिस व्यवस्था के माध्यम से राजनांदगांव रेंज के सभी जिलों में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।













0 टिप्पणियाँ