थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
सक्ति / सक्ती थाना पुलिस ने थर्माकोल पेपर कटर से युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थर्माकोल पेपर कटर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 निवासी कृष्णा सारथी ने पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद को लेकर अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने हत्या की नीयत से थर्माकोल पेपर कटर से युवक के गले और सीने जैसे संवेदनशील अंगों पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती ले जाया गया, जहां से उसे जांजगीर और बाद में बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।
पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर सक्ती थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। वहीं, अस्पताल में उपचाररत घायल का कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में मरणासन्न कथन भी दर्ज किया गया, जिसमें उसने आरोपी द्वारा थर्माकोल पेपर कटर से हमला किए जाने की पुष्टि की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष्णा सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने पैसों के विवाद और मारपीट से नाराज होकर हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर खून से सना थर्माकोल पेपर कटर बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।













0 टिप्पणियाँ