बालोद के नए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने संभाला पदभार
बालोद। जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण गंगाराम चव्हाण ने शुक्रवार को जिला पुलिस कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान निवर्तमान एसपी योगेश कुमार पटेल ने उन्हें कार्यभार सौंपा। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।
वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण गंगाराम चव्हाण मूल रूप से महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के निवासी हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया।
विभिन्न जिलों में निभाई अहम जिम्मेदारियां
अपने पुलिस सेवा करियर की शुरुआत उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारी के रूप में बिलासपुर से की। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) जगदलपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) सुकमा तथा बाद में सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया। सुकमा में उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए सम्मानित
पुलिसिंग में उल्लेखनीय कार्य और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्हें वर्ष 2024 में FICCI बेस्ट परफॉर्मिंग ऑफिसर अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उनके अनुभव को देखते हुए बालोद जिले में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
कार्यभार संभालने के बाद एसपी चव्हाण ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस कार्यालय के शाखा प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनिफास एक्का, एसडीओपी गुंडरदेही राजेश बागड़े, एसडीओपी गुरूर माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रुति सिंह, सीएसपी राजहरा विकास पाटले, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।













0 टिप्पणियाँ