भूमि विवाद में दंपति की हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश, 72 घंटे में दो सगे भाई गिरफ्तार
रायगढ़ / धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में हुए चर्चित डबल मर्डर मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वर्षों पुराने भूमि विवाद के चलते दोनों ने एक दंपति की टांगी से हत्या कर दी और घटना को हादसा दिखाने के उद्देश्य से शवों तथा घर में आग लगा दी।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की सुबह ग्राम क्रोंधा में 65 वर्षीय मंगल राठिया और उनकी 55 वर्षीय पत्नी पुनाई बाई राठिया के जले हुए शव उनके घर के अंदर मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे तथा वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल पर मिली टांगी की गंध के आधार पर पुलिस डॉग "रूबी" ने एक संदिग्ध तक पहुंचने का संकेत दिया। वहीं पूछताछ और अन्य साक्ष्यों से मृतक परिवार तथा संदिग्धों के बीच लंबे समय से भूमि विवाद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों भाइयों से अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में खरीदी गई जमीन को लेकर उनके मन में रंजिश थी। इसी विवाद के चलते 14 जुलाई की रात वे हथियार लेकर दंपति के घर पहुंचे। पहले मंगल राठिया पर टांगी से हमला किया और फिर शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी की भी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शवों पर कपड़े और अन्य सामान रखकर आग लगा दी, ताकि हत्या के साक्ष्य नष्ट हो जाएं और मामला दुर्घटना प्रतीत हो।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम लाल राठिया (32 वर्ष) और जीवन लाल राठिया (48 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम क्रोंधा, थाना धरमजयगढ़, के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, वैज्ञानिक जांच और प्रभावी पुलिसिंग के सामने अपराधी बच नहीं सकते। उन्होंने लोगों से भूमि विवाद और अन्य आपसी मामलों का समाधान कानून के दायरे में करने की अपील की।













0 टिप्पणियाँ