letest news

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश़/छत्तीसगढ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369 छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369

नकटी अतिक्रमण पर कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़ रही, 66 परिवारों को मिला आवास : अनुराग सिंहदेव

नकटी अतिक्रमण पर कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़ रही, 66 परिवारों को मिला आवास : अनुराग सिंहदेव

रायपुर / छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने आरोप लगाया कि नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रभावित 66 कब्जाधारियों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आवास उपलब्ध कराया गया है, जहां पहले से करीब 1200 परिवार सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ निवास कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंहदेव ने कहा कि नकटी ग्राम को पूरी तरह उजाड़े जाने का दावा तथ्यहीन है। उनके अनुसार गांव की कुल आबादी 2110 है तथा शासकीय और निजी भूमि का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध है। वर्ष 2022 के राजस्व प्रतिवेदन में लगभग तीन हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण दर्ज किया गया था, जबकि इसके बाद भी बड़े पैमाने पर कब्जे बढ़े। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने 10 हजार से लेकर 29 हजार वर्गफीट तक भूमि पर कब्जा कर रखा था, जिसे उन्होंने संगठित अतिक्रमण बताया।

सिंहदेव ने विधायक आवास निर्माण के लिए भूमि खाली कराने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधायक आवास के लिए स्थान का अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और अन्य सदस्यों की समिति करती है। वर्तमान में संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है और विधायक आवास निर्माण को लेकर कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस विधायक इस संबंध में पत्र लिख रहे हैं तो उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तत्कालीन आवास मंत्री मोहम्मद अकबर को लिखना चाहिए, क्योंकि भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव उनकी सरकार के समय आया था।

उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की गई है और आवासों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी की जाएगी। उनके अनुसार अधिकांश परिवार नए आवासों में स्थानांतरित हो चुके हैं तथा उन्हें भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सिंहदेव ने कांग्रेस पर पूर्ववर्ती सरकार के दौरान सेरीखेड़ी और नवा रायपुर क्षेत्र में किसानों एवं परिवारों के विस्थापन के मामलों की याद दिलाते हुए दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता सुनील चौधरी तथा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ