झाड़-फूंक की आड़ में महिला से अश्लील हरकत, 60 वर्षीय बैगा गिरफ्तार
बलौदाबाजार / जिले के थाना गिधौरी-टुंडरा क्षेत्र में झाड़-फूंक के बहाने एक महिला से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने 60 वर्षीय बैगा को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की शाम पीड़िता के परिवार में एक सदस्य की तबीयत खराब होने पर घरेलू उपचार और झाड़-फूंक के लिए गांव के बैगा ननका साहू उर्फ राम कृपाल साहू को बुलाया गया था। आरोप है कि झाड़-फूंक के दौरान आरोपी ने पीड़िता के पति को किसी बहाने बाहर भेज दिया और महिला के साथ अश्लील हरकत करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की लिखित शिकायत पर थाना गिधौरी-टुंडरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे 17 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत इस मामले में तत्काल कार्रवाई की गई। मामले की आगे की जांच जारी है।













0 टिप्पणियाँ