क्षेत्रीय लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल, लूटे गए मोबाइल, बाइक व दस्तावेज बरामद
बलौदाबाजार-भाटापारा / जिले में राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। कार्रवाई थाना लवन, सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को ग्राम कोनारी निवासी गधेश्वर प्रसाद पटेल ने थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेडिकल स्टोर जाते समय कुछ युवकों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट कर उनका मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। मामले में थाना लवन में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गौरव सायतोड़े (19) और आर्यन कोसले (18) सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने इस घटना के अलावा क्षेत्र में हुई अन्य लूट और चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने जून और जुलाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर राहगीरों से मारपीट कर नकदी, मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान लूटने की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन और एक पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।













0 टिप्पणियाँ