लैलूंगा बाजार में सक्रिय झपटमार गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ / रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में महिलाओं एवं ग्रामीणों को निशाना बनाकर झपटमारी और पाकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 ग्राम वजनी सोने की चैन, एक इको कार तथा मोबाइल फोन सहित लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, लैलूंगा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो (67) ने थाना लैलूंगा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जून को साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान अज्ञात व्यक्ति उनके गले से सोने की चैन झपटकर भाग गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध महिला मंगरीता गिरी को ग्रामीणों की सहायता से पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने दीपक गिरी को हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इको वाहन में लैलूंगा पहुंचे थे और संगठित गिरोह बनाकर ग्रामीण बाजारों एवं मेलों में पाकेटमारी तथा झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस के सहयोग से गिरोह की अन्य चार महिला सदस्यों रीला गिरी, राजमोहनी उर्फ ठोली, सोनम गिरी और उर्मिला गिरी को भी हिरासत में लिया गया। सभी आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता की 18 ग्राम वजनी सोने की चैन (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), वारदात में प्रयुक्त इको वाहन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग 7 लाख रुपये बताया गया है।
मामले में थाना लैलूंगा में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ग्रामीण हाट-बाजारों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। पाकेटमारी, झपटमारी और महिलाओं को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भीड़ का फायदा उठाकर अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।













0 टिप्पणियाँ