फ्रूटी में फंगस मिलने से मचा हड़कंप, बच्ची की तबीयत बिगड़ी; खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मगरलोड क्षेत्र के करेलीबड़ी गांव में एक बच्ची द्वारा खरीदी गई फ्रूटी के पैक में फंगस जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने बच्ची को एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची ने घर के पास स्थित एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह पेय पदार्थ का सेवन कर रही थी, तभी परिजनों की नजर पैक के अंदर पड़ी। उन्होंने देखा कि जूस के भीतर कोई संदिग्ध वस्तु, फंगस या कीड़े जैसी सामग्री तैरती हुई दिखाई दे रही है। यह देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल बच्ची को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने संबंधित जनरल स्टोर से फ्रूटी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पैक में मिली वस्तु की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल बच्ची की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है, जबकि खाद्य विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।















0 टिप्पणियाँ