कांग्रेस नेता समेत तीन गिरफ्तार, महिला से अश्लील हरकत का आरोप
दुर्ग / महिला के साथ अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेता सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम अमलेश्वरडीह का है।
पुलिस के अनुसार, अमलेश्वर के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष उमेश साहू की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा और जय साहू को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
शिकायतकर्ता उमेश साहू ने बताया कि विवाद की जड़ पुरानी रंजिश और शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला है। उनके अनुसार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य के भतीजे दुर्गेश साहू पर सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत जन समस्या निवारण शिविर में की गई थी, जिसके बाद पटवारी ने मौके का निरीक्षण किया।
उमेश साहू का आरोप है कि भूमि मामले की शिकायत को लेकर मोनू साहू और उसके साथी उन्हें मुखबिर मानते हुए लगातार धमकी दे रहे थे। इसी विवाद के चलते महिला के साथ अश्लील हरकत और धमकी देने की घटना सामने आई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी जांच में शामिल किया गया है।













0 टिप्पणियाँ