letest news

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मध्यप्रदेश़/छत्तीसगढ के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369 छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के सभी जिलों में संवाददाता की आवश्यकता है इच्छुक व्यक्ति ही संपर्क करें ,7805921369

बिलासपुर रेंज में नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की समीक्षा बैठक, आईजी ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

बिलासपुर रेंज में नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की समीक्षा बैठक, आईजी ने दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश


बिलासपुर / बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने रेंज में पदस्थ नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (पीएसआई) की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की। बैठक का आयोजन रक्षित केंद्र बिलासपुर स्थित चेतना भवन में किया गया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, मधुलिका सिंह, राम गोपाल करियारे, उप पुलिस अधीक्षक मंजूलता केरकेट्टा, विवेक शर्मा सहित नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक भी जुड़े।

बैठक में आईजी श्री गर्ग एवं एसएसपी श्री सिंह ने नव प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को पुलिस सेवा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि वर्दी धारण करने के बाद पुलिस अधिकारी का आचरण पूरे विभाग का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए अनुशासन, सदाचार और कानून का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को स्वयं यातायात नियमों का पालन कर जनता के सामने आदर्श प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

तकनीकी दक्षता पर जोर देते हुए आईजी ने कहा कि सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को सीसीटीएनएस में स्वयं प्रविष्टियां करने के साथ-साथ विभागीय एप्स ‘सशक्त’, ‘ई-साक्ष्य’, ‘आई/ओ मित्र’ एवं ‘समाधान’ का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कंप्यूटर, सोशल मीडिया एवं साइबर अपराधों संबंधी जानकारी में दक्षता विकसित करने पर भी बल दिया।

विवेचना कौशल को मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक प्रशिक्षु उप निरीक्षक को कम से कम पांच समन एवं पांच वारंट तामील करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुरानी एफआईआर, चार्जशीट और अनुभवी विवेचकों के कार्यों का अध्ययन कर व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने की सलाह दी गई।

जनसामान्य के प्रति संवेदनशीलता को पुलिसिंग का मूल आधार बताते हुए अधिकारियों को थाने आने वाले पीड़ितों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने तथा उन्हें कानूनसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त विभागीय आचरण नियमों के पालन और दैनिक डायरी नियमित रूप से संधारित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक के समापन पर आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने सभी नव-नियुक्त प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले 20 से 25 वर्षों तक छत्तीसगढ़ पुलिस की छवि और कार्यप्रणाली की जिम्मेदारी इसी नई पीढ़ी के अधिकारियों के कंधों पर होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ