48 घंटे में शटर तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद
बलौदाबाजार। ग्राम मड़वा में किराना दुकान का शटर तोड़कर नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,880 रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 की रात ग्राम मड़वा निवासी मोहर साय भारद्वाज की किराना दुकान का शटर और काउंटर का दराज तोड़कर अज्ञात चोरों ने लगभग 80 हजार रुपये नगद पार कर दिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल और गिरौदपुरी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच तथा स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान नगर टुंडरा निवासी अनिल भारती के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर 1,880 रुपये नगद और घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी अनिल भारती (25 वर्ष) को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। मामले के खुलासे में साइबर सेल तथा गिरौदपुरी चौकी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ