ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी कार्रवाई: 3.653 किलो गांजा जब्त, महिला समेत दो गिरफ्तार
मुंगेली / जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत चिल्फी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 3 किलो 653 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 24 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम गातापार में एक महिला अपने सहयोगी के साथ गांजा बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
तलाशी के दौरान ग्राम गातापार निवासी गुलाबा बाई मंगेशकर (45) के पास रखे बैग से दो पैकेटों में 1 किलो 849 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं उसके सहयोगी अमित कुमार खाण्डे (40), निवासी लमकेना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के पास से 1 किलो 804 ग्राम गांजा जब्त किया गया।
दोनों के कब्जे से कुल 3.653 किलो गांजा मिलने पर पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी मादक पदार्थ रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।













0 टिप्पणियाँ