राइस मिल से धान चोरी का खुलासा, 24 घंटे में 8 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, पामगढ़। पामगढ़ थाना क्षेत्र के चंडीपारा स्थित सिद्धि विनायक राइस मिल में हुई धान चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 65 कट्टी धान, एक पिकअप वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा 21 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात राइस मिल का चौकीदार भोजन करने मुख्य गेट की ओर गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने पीछे की फेंसिंग काटकर मिल परिसर में प्रवेश किया और धान की बोरियां बाहर निकाल लीं। बाद में चौकीदार ने फेंसिंग के बाहर खेत में धान की बोरियां और बिखरा हुआ धान देखा, जिसके बाद मिल संचालक को सूचना दी गई। जांच में करीब 50 कट्टी धान गायब पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई।
मिल संचालक ऋषि सिंह की शिकायत पर पामगढ़ थाना में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिरों की सूचना के आधार पर अकलतरा और चंडीपारा क्षेत्र में दबिश दी। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर अकलतरा स्थित एक राइस मिल से 65 कट्टी धान बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजा लहरे, रामकुमार भार्गव, कन्हैया सिन्हा उर्फ लाला, बीर सिंह बंजारे, अजय पाटले, लक्ष्मी कुमार सिन्हा, शैलेष राय और राकेश कुमार साहू शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।













0 टिप्पणियाँ