23 साल की चारु पांडेय ने रचा इतिहास, 19 सरकारी परीक्षाएं पास कर हासिल की नई पहचान
तिल्दा / छत्तीसगढ़ के तिल्दा क्षेत्र की युवा प्रतिभा चारु पांडेय ने कम उम्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। मात्र 23 वर्ष की आयु में उन्होंने विभिन्न विभागों की 19 प्रतियोगी परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
चारु पांडेय वर्तमान में Comptroller and Auditor General of India (सीएजी) के विशाखापट्टनम कार्यालय में ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और शैक्षणिक उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति सम्मान के लिए चयनित किए जाने की जानकारी सामने आई है।
चारु, प्रवीण कुमार पांडेय और सुधा पांडेय की पुत्री हैं। उन्होंने कम उम्र में ही कई प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। इनमें SSC CGL, SSC CHSL, SSC MTS, IBPS PO, SSC GD, SSC CPO, NET-JRF, SBI Clerk, CGTET, RRB Group D, RRB NTPC, CG SI, Delhi Police, CG NHM तथा Transport Sub Inspector सहित कई प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, चारु ने मई 2025 में सीएजी चेन्नई में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। कार्यकुशलता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें बाद में पदोन्नति मिली और वर्तमान में वे विशाखापट्टनम में ऑडिट ऑफिसर के रूप में कार्य कर रही हैं।
चारु की उपलब्धियों ने यह साबित किया है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
प्रेरणा बनीं चारु
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए चारु पांडेय की सफलता इस बात का उदाहरण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और सतत प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनकी उपलब्धियों पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।













0 टिप्पणियाँ