नेशनल हाईवे पर ‘बर्थडे रील’ का खतरनाक स्टंट, ब्लैक स्कॉर्पियो का वीडियो वायरल
बिलासपुर में सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा लाइक्स पाने की होड़ अब सड़क सुरक्षा के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। जिले के नेशनल हाईवे पर ब्लैक स्कॉर्पियो में खतरनाक स्टंट और रील बनाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक युवती चलती गाड़ी से बाहर निकलकर हाईवे पर जन्मदिन मनाती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है, जहां ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो (CG 10 BP 3926) तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। इसी दौरान एक युवती वाहन से बाहर निकलकर वीडियो और रील बनाती दिखाई दी। वीडियो में युवती बेखौफ अंदाज में बर्थडे सेलिब्रेट करती नजर आ रही है, जबकि हाईवे पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे ट्रैफिक नियमों की खुली अनदेखी बताया है। कई यूजर्स ने पुलिस और ट्रैफिक विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल वाहन में मौजूद लोगों की जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं।
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर “रील कल्चर” तेजी से बढ़ा है। खासकर युवाओं के बीच चलती कार और बाइक पर वीडियो बनाने का ट्रेंड लगातार देखा जा रहा है। पुलिस द्वारा समय-समय पर चेतावनी और कार्रवाई किए जाने के बावजूद लोग जोखिम भरे स्टंट करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
ट्रैफिक विशेषज्ञों का मानना है कि नेशनल हाईवे पर इस तरह की गतिविधियां बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने या दूसरे वाहन से टक्कर होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस भी तेज हो गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे मामलों में केवल वाहन चालक या मालिक पर ही कार्रवाई क्यों होती है, जबकि स्टंट करने वाले लोग भी समान रूप से जिम्मेदार होते हैं। हालांकि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन की जिम्मेदारी चालक और वाहन मालिक की मानी जाती है, इसलिए अधिकांश मामलों में कार्रवाई उन्हीं पर केंद्रित रहती है।
अब लोगों की नजर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है। चर्चा इस बात को लेकर है कि क्या वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी या मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित रह जाएगा।
फिलहाल यह वीडियो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।














0 टिप्पणियाँ