FOREX ट्रेडिंग के नाम पर 74 लाख की साइबर ठगी, राजस्थान से दो अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
टेलीग्राम ग्रुप के जरिए रायपुर के व्यवसायी और उसके भतीजे को निवेश का झांसा देकर की गई थी ठगी
रायपुर / FOREX ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर 74 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से निवेश का झांसा देकर रायपुर निवासी एक व्यवसायी और उसके भतीजे से लाखों रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने गूगल पर FOREX ट्रेडिंग से संबंधित जानकारी सर्च की थी। इसके बाद उनका मोबाइल नंबर "FIRSTIFY" नामक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप से जुड़े लोगों ने FOREX ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का दावा करते हुए उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया।
झांसे में आकर बहादुर आर्य और उनके भतीजे ने अलग-अलग चरणों में कुल 74 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उन्होंने अपनी राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने विभिन्न बहाने बनाकर भुगतान नहीं किया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने रायपुर पुलिस से शिकायत की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के लेनदेन का विश्लेषण कर आरोपियों का सुराग लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के संबंध में जांच कर रही है।













0 टिप्पणियाँ