राज ज्वेलर्स लूट प्रयास का खुलासा: जेल में बनी दोस्ती, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कटघोरा/कोरबा। कटघोरा के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स लूट प्रयास मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने जेल में दोस्ती होने के बाद इस वारदात की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे बिना नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक छुरी स्थित राज ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था और उनमें से एक महिला के वेश में था। आरोपियों ने चांदी की अंगूठी खरीदने का बहाना बनाकर दुकानदार को काउंटर पर बुलाया। इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा दिखाकर मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश की। इसी दौरान वे बैग में जेवर भरने लगे।
घटना के दौरान दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिससे घबराकर आरोपी देशी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राठिया को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीसरे आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया की तलाश जारी है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि तीनों की मुलाकात जेल में हुई थी, जहां वे अलग-अलग गंभीर मामलों में बंद थे। रिहा होने के बाद उन्होंने मिलकर ज्वेलरी दुकान में लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की बाइक तथा देशी कट्टे का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। कटघोरा थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।














0 टिप्पणियाँ