शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद
रायगढ़ / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग बालिका को भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने गुमशुदा 15 वर्षीय बालिका को बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को नाबालिग की मां ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्ष 11 माह की पुत्री सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंची। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई।
शिकायत के आधार पर थाना कोतरारोड़ में गुमशुदगी दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने साथ ले गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता तथा पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई के लिए “अभियान संवेदना” के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।













0 टिप्पणियाँ