सरगुजा में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3,528 नशीले कैप्सूल जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर / नशीली दवाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा ने सीतापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,528 नशीले कैप्सूल जब्त किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केसला निवासी सजाद अली अपने घर में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान उसके शयन कक्ष में रखी एक प्लास्टिक की बोरी से 441 स्ट्रिप में कुल 3,528 नग स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस (SPASMO PROXYVON PLUS) कैप्सूल बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद कैप्सूल धेलसरा निवासी महबूब खान के हैं। इस जानकारी के बाद आबकारी टीम ने धेलसरा में दबिश देकर महबूब खान को भी गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। उन्हें विशेष न्यायालय (नारकोटिक्स), अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। अभियान में मुख्य आबकारी आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













0 टिप्पणियाँ