जांजगीर-चांपा में अवैध शराब कारोबार पर एसपी का बड़ा प्रहार, सादे कपड़ों में ढाबों पर पहुंचकर की कार्रवाई
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने अनोखे अंदाज में कार्रवाई करते हुए कई ढाबों पर छापेमारी करवाई। इस विशेष अभियान में एसपी स्वयं सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर विभिन्न ढाबों पर पहुंचे और वहां अवैध रूप से शराब परोसे जाने की पुष्टि होते ही पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए संकेत दिया।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित सम्राट ढाबा, चिंटू ढाबा, यादव ढाबा, रोडा ढाबा, सूरज ढाबा और हमसफर ढाबा की गतिविधियों की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्राहक के रूप में शराब और बीयर की मांग करने पर कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद पहले से तैनात पुलिस टीम ने दबिश देकर कार्रवाई शुरू की।
चिंटू ढाबा से बीयर की बोतलें जब्त
कार्रवाई के दौरान चिंटू ढाबा से पुलिस ने 15 से 20 बीयर की बोतलें बरामद कीं। मौके पर ही अवैध शराब को नष्ट कराया गया तथा संचालक को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
यादव ढाबा में मिली बड़ी खेप
तिलाई स्थित एनएच-49 के यादव ढाबा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। यहां से 100 से अधिक शराब और बीयर की बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने अवैध रूप से रखी गई शराब जब्त कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
हमसफर ढाबा में भी हुई कार्रवाई
अकलतरा क्षेत्र के एनएच-49 स्थित हमसफर ढाबा में भी पुलिस की दबिश के दौरान शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही शराब को नष्ट कराया और संचालक को कड़ी चेतावनी जारी की।
अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक विजय पांडे ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बेचने और परोसने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका प्रभाव कितना भी क्यों न हो।
लोगों ने की कार्रवाई की सराहना
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद हाईवे किनारे संचालित अवैध शराब कारोबार के खिलाफ इस तरह की प्रभावी कार्रवाई देखने को मिली है। लोगों का मानना है कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहने से अवैध शराब बिक्री पर अंकुश लगेगा और सड़क दुर्घटनाओं तथा अपराधों में भी कमी आएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














0 टिप्पणियाँ