अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार वाहन जब्त
सक्ती / जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा हाल ही में विशेष अभियान चलाकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामलों में कार्रवाई की गई, जिसमें चार वाहनों को जब्त किया गया है।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, खनिज निरीक्षक एवं विभागीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम चिखलरौंदा और रिवाडीह स्थित बोराई नदी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अवैध गतिविधियों का पता लगाया। जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन के तीन तथा अवैध रेत उत्खनन का एक मामला सामने आया। इन मामलों में संलिप्त कुल चार वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें एक महिंद्रा बैक लोडर मशीन भी शामिल है।
जब्त किए गए सभी वाहनों को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए आरक्षित केंद्र सक्ती और थाना हसौद के सुपुर्द किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।













0 टिप्पणियाँ