प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने डभरा में कृषि कार्यशाला एवं कृषक मेला आयोजित
सक्ती / प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत डभरा के अग्रसेन भवन में कृषि विभाग द्वारा कृषि कार्यशाला एवं उन्नत कृषक मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती समय की मांग है। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर पर्यावरण-अनुकूल खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। साथ ही किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 675 किसानों ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, उन्नत कृषि तकनीकों तथा आधुनिक खेती की पद्धतियों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि जैविक खेती से मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
मेले में कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न योजनाओं और तकनीकी नवाचारों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर किसानों को अरहर मिनीकिट, नील हरित शैवाल तथा पौधरोपण के लिए पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, अमृत विकास तोपनो, प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।













0 टिप्पणियाँ