शराब भट्टी में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में शराब भट्टी में हुए मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करूमहू निवासी धीरज खाण्डेकर अपने मित्र हेतराम केवट के साथ 26 मई को अकलतरा आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों अकलतरा स्थित शराब भट्टी में शराब पीने पहुंचे। इस दौरान चखना दुकान संचालक मंजीत सिंह निवासी सुपेला, भिलाई से सिगरेट और चखना के पैसे को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी मंजीत सिंह ने गाली-गलौज करते हुए दोनों युवकों पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने हाथ-मुक्कों के साथ धारदार चाकू से भी वार किया। घटना में धीरज खाण्डेकर के बाएं हाथ की भुजा के पास चोट आई, जबकि हेतराम केवट के दाहिने हाथ में चोट लगी।
घटना की रिपोर्ट पर अकलतरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 293/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में की गई। मामले में एएसआई सुरेंद्र कश्यप और आरक्षक शेष साहू की विशेष भूमिका रही।













0 टिप्पणियाँ