पंचधारी एनीकट में प्रतिबंध उल्लंघन पर पुलिस सख्त, पांच गिरफ्तार
रायगढ़ में स्थित पंचधारी एनीकट क्षेत्र में प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद लोगों की आवाजाही और नियमों की अनदेखी जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने डेम क्षेत्र में नहाने और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
जिला प्रशासन ने पंचधारी एनीकट को हाई रिस्क जोन घोषित किया है। लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी द्वारा बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर क्षेत्र में नहाने, तैराकी, पिकनिक, सेल्फी और वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक डेम में उतरकर नहा रहे हैं और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक पानी में नहाते पाए गए। पुलिस के समझाने पर युवकों ने कथित रूप से विवाद करना शुरू कर दिया और मौजूद लोगों को धमकाने लगे। इसके बाद पुलिस ने दीपक कुमार यादव, संतोष कुमार यादव और उमाशंकर साहू को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
इसी दौरान डेम के पास शराब सेवन कर रहे दो अन्य व्यक्तियों को भी पुलिस ने पकड़ा। उनकी पहचान धनंजय साहू और संजु कंवर के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पंचधारी एनीकट क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों का पालन करें और सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।













0 टिप्पणियाँ