हाईवे पर रील बनाना पड़ा भारी: युवती ने चलती कार पर किया स्टंट, पुलिस ने दर्ज किया केस
बिलासपुर / सोशल मीडिया रील बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्टंट करना एक युवती को महंगा पड़ गया। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर युवती द्वारा चलती कार के सामने रैंप वॉक करने, शैंपेन उड़ाने और कार की छत पर चढ़कर पोज देने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, देर रात कोनी-तुर्काडीह बाइपास मार्ग पर एक कार के साथ युवती ने हाईवे के बीचोंबीच रील बनाई। वायरल वीडियो में युवती चलती कार के सामने रैंप वॉक करती नजर आ रही है। इसके अलावा वह शैंपेन की बोतल खोलकर सड़क पर झाग उड़ाती और कार की छत पर खड़े होकर अलग-अलग अंदाज में पोज देती दिखाई दे रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। वाहन के नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 समेत अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ट्रैफिक अधिकारियों के अनुसार, हाईवे पर इस तरह का स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका भी रहती है। पुलिस ने वाहन जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को पत्र भेजे जाने की बात कही गई है।
ट्रैफिक विभाग ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सार्वजनिक सड़कों और हाईवे पर खतरनाक स्टंट या रील बनाने से बचें, क्योंकि इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।














0 टिप्पणियाँ