उर्वरक की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
डभरा के ग्राम पुटीडीह में 82 बोरी खाद जब्त, बिना लाइसेंस भंडारण पर सख्ती
सक्ती, 27 मई 2026। जिले में उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध बिक्री पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और कृषि विभाग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत विकासखंड डभरा के ग्राम पुटीडीह में बड़ी कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपनीय सूचना मिलने पर विकासखंड स्तरीय टीम ने ग्राम पुटीडीह निवासी दिलीप कुमार साहू के घर पर जांच की। निरीक्षण के दौरान लगभग 82 बोरी उर्वरक, जिसका वजन करीब 4.100 मीट्रिक टन बताया गया, बिना वैध दस्तावेजों के भंडारित पाया गया।
जांच टीम द्वारा संबंधित व्यक्ति से खाद खरीदी के बिल और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद प्रथम दृष्टया उर्वरक की अवैध बिक्री और कालाबाजारी की आशंका जताई गई।
उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए उर्वरक निरीक्षक द्वारा सभी 82 बोरी खाद जब्त कर सुपुर्दगी में रखवाई गई तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कार्रवाई के दौरान उर्वरक निरीक्षक राजेंद्र कुमार पटेल, नायब तहसीलदार आशीष पटेल, हल्का पटवारी और ग्राम कोटवार सहित प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
किसानों और विक्रेताओं से अपील
कृषि विभाग ने जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं और आम लोगों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस के उर्वरक का भंडारण, परिवहन या विक्रय न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से खाद की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से भी आग्रह किया गया है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और खरीदारी का पक्का बिल जरूर लें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की जानकारी कृषि विभाग या विकासखंड कृषि कार्यालय को देने की अपील की गई है।













0 टिप्पणियाँ